मंदसौर। शहर में रविवार रात विधायक विपिन जैन ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर जिम्मेदारों को फटकार लगाई। फतेहगढ़ के सरकारी स्कूल में फूड प्वाइजनिंग से बीमार हुए मरीजों को शनिवार दोपहर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया था। रात में वार्ड में भर्ती मरीजों ने इलाज की गुहार लगाई, लेकिन नर्सिंग स्टाफ ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
परेशान मरीजों ने विधायक से शिकायत की। विधायक ने मौके पर सीएमएचओ जी.एस. चौहान और सिविल सर्जन डॉ. डी.के. शर्मा को बुलाकर मरीजों से बात करवाई। अस्पताल में मिली अव्यवस्थाओं पर विधायक ने नाराजगी जताई। दोनों अधिकारियों ने मरीजों के साथ दुर्व्यवहार करने वाली नर्सों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विधायक जैन ने बताया कि वे फूड पॉइजनिंग से बीमार मरीजों से मिलने आए थे। अस्पताल में कई अव्यवस्थाएं मिलीं, जिस पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।