नीमच। जिले के देहपुर गांव में तेंदुए ने दहशत फैला दी है। रतनगढ़ से महज 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस गांव में 6 दिन में तेंदुए ने बाड़ों में बंधे मवेशियों पर कई हमले किए। इन हमलों में 6 मवेशियों की जान चली गई। मारे गए मवेशियों में रामलाल गुर्जर का बछड़ा, बाबूलाल गुर्जर का बछड़ा, जीतमल गुर्जर की गाय, रमेश गुर्जर की गाय, हेमराज गुर्जर की भैंस और हीरालाल चारण की भैंस शामिल हैं। ग्रामीण रोजाना की तरह अपने मवेशियों को बाड़े में बांधकर रखते हैं। तेंदुए के डर से कुछ मवेशी रस्सी तोड़कर भाग गए।

रेंज अधिकारी पीएल गहलोत के अनुसार गर्मी के कारण भूखे-प्यासे जंगली जानवर शिकार और पानी की तलाश में गांवों में आ जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। रात में मवेशियों को खुला न छोड़ने और सुरक्षित स्थानों पर बांधने को कहा है। वन विभाग ने पीड़ितों को गाइडलाइन के अनुसार मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया। ग्रामीणों में डर का माहौल है।
