नीमच। व्यवसायिक व्यस्तताओं से समय निकालकर नीमच मंडी के लहसुन व्यापारियों ने खेल के मैदान पर प्रतिस्पर्धा के साथ आपसी सौहार्द और एकता का संदेश दिया। हायर सेकेंडरी ग्राउंड पर रविवार को नीमच मंडी गार्लिक बायर्स क्रिकेट टीम और दलौदा लहसुन व्यापारियों के बीच 14 ओवर का मैत्री क्रिकेट मुकाबला आयोजित किया गया, जिसमें नीमच मंडी गार्लिक बायर्स टीम ने 45 रन से शानदार जीत हासिल की।
मुकाबले में नीमच मंडी गार्लिक बायर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 14 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 121 रन बनाए। टीम की ओर से सचिन एलकेएस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चार चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 26 रन की उपयोगी पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दलौदा लहसुन व्यापारियों की टीम 12वें ओवर में 76 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नीमच टीम की ओर से राजेश साहू ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
शानदार प्रदर्शन के लिए राजेश साहू और सचिन एलकेएस को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जम्बू कुमार जैन उपस्थित रहे।
लहसुन व्यापारी नवीन अग्रवाल ने बताया कि व्यापारियों के बीच खेल भावना, आपसी भाईचारे और टीम भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भविष्य में मंडी प्रीमियर लीग का आयोजन भी किया जाएगा।