उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने भस्म आरती में आने वाले श्रद्धालुओं को नाश्ते में पोहा देने की सुविधा गुरुवार से शुरू की है। यह सुविधा सुबह 6 से 8 बजे तक रहेगी और पोहा के लिए टोकन मंदिर से लेना पड़ेगा। बता दें कि मंदिर प्रबंध समिति निरूशुल्क अन्न क्षेत्र चलाती है।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष व कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने आदेश पर गुरुवार से यह सेवा शुरू की गई है। ये पहला मौका नहीं है जब श्रद्धालुओं को पोहा खाने को मिलेंगा। इससे पहले जब अन्न क्षेत्र बड़े गणेश मंदिर के पास था तब भी सुबह अल्पाहार में पोहा महाकाल के भक्तों को दिया जाता था।
उप प्रशासक सिम्मी यादव ने बताया कि-
भस्म आरती खत्म होने के बाद श्रद्धालुओं को एग्जिट गेट से पोहा के लिए टोकन बांटे जाएंगे। टोकन लेकर श्रद्धालु त्रिवेणी के सामने बने निःशुल्क अन्न क्षेत्र में जाएंगे और वहां उन्हें पोहा मिल जाएगा। इस सेवा के पहले दिन 200 से अधिक भक्तों ने पोहा प्रसादी का लाभ लिया।
डेढ़ किमी चलना होगा पैदल चलना
महाकाल मंदिर की ओर से नाश्ते में पोहा देने की व्यवस्था शुरू किए जाने से भक्त खुश हैं, लेकिन उनका मानना है कि भस्म आरती से बाहर निकलने के बाद जिस जगह टोकन मिलेंगे उससे अन्न क्षेत्र करीब डेढ़ किमी दूर है। यानी पोहा लेने डेढ़ किमी चलना पड़ेगा और पोहा खाने के बाद फिर डेढ़ किमी आना पड़ेगा। ऐसे में मंदिर समिति को पोहा की व्यवस्था एग्जिट गेट या महाकाल लोक में कहीं करनी चाहिए।