नीमच। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का नीमच में भारी विरोध हो रहा है। राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के साथ आम नागरिकों में भी इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। कल शहर के भारत माता चौराहा पर कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की थी। साथ ही आज भी हिंदू जागरण मंच, सर्वसमाज व वक्फ कमेटी सहित अन्य संगठनों ने आतंकवाद का पुतला फूंककर कड़े शब्दों में इस कायराना हमले की निंदा। जिला मुख्यालय के अतिरिक्त नगरीय निकायों व ग्रामीण क्षेत्रों में भी विरोध प्रदर्शन देखे गए।
हिंदू जागरण मंच ने सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन-
देश के जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के विरोध में हिंदू जागरण मंच व सर्वसमाज ने आज गुरूवार को जमकर अपना विरोध दर्ज कराया। बड़ी संख्या में हिंदू जागरण मंच व सर्वसमाज के लोग बड़ी संख्या में भारत माता चौराहा पहुंचे और पाकिस्तान का पुतला फूंका। इस दौरान हिंदू संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि यह घटना देश के लिए निंदनीय है। इसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आतंवादियों ने धर्म पूछकर गोली मारी है। इनको सनातनी समाज, हिंदुओं से नफरत है। हिंदू अब जाग चुका है। इस तरह की घटनाएं सहन नहीं की जाएगी। भारत सरकार द्वार उठाए गए कदम स्वागत योग्य है। आज हिंदू जागरण मंच व सर्वसमाज के बैनर पर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया गया है।