मंदसौर। जिले के पिपलिया मंडी के गांधी चौराहे पर एक ऐतिहासिक एकता और देशभक्ति का दृश्य देखने को मिला, जब सर्व समाज के सैकड़ों नागरिक आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होकर सड़कों पर उतरे। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए बर्बर आतंकी हमले के विरोध में यह जोरदार प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें आम नागरिकों से लेकर समाजसेवियों और वरिष्ठ जनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।प्रदर्शन की शुरुआत मोमबत्तियां जलाकर और दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके बाद वक्ताओं ने जनसमूह को संबोधित करते हुए आतंकवाद की कड़े शब्दों में निंदा की और समाज से आह्वान किया कि अब समय आ गया है कि हम सब मिलकर आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत मोर्चा तैयार करें। विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में पाकिस्तान का पुतला जलाकर प्रदर्शनकारियों ने अपने गुस्से और विरोध को स्पष्ट रूप से जाहिर किया। पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकवाद हाय-हाय जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।