मंदसौर। जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में बूढ़ा-टकरावत फंटे पर रविवार दोपहर को यात्रियों से भरी तूफान गाड़ी बिना मुंडेर वाले कुएं में गिर गई। हादसे में एक यात्री की मौके पर मौत हो गई, वहीं बचाव कार्य में उतरे एक स्थानीय व्यक्ति की भी जान चली गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार को उज्जैन जिले के उन्हेल से तूफान वाहन में सात से अधिक यात्री सवार होकर मां आंत्री के दर्शन करने आ रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 1.15 बजे बूढ़ा-टकरावत फंटे उनका वाहन बेकाबू होकर मुंडेर वाले कुएं में गिर गया।
हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार में सवार लोगों को बचाने का प्रयास किया, इस दौरान बचाव कार्य में मदद करने कुएं में उतरे स्थानीय निवासी मनोहर सिंह की कुएं में गैस रिसाव के कारण मौत हो गई।
घटना की सूचना के बाद एडिशनल एसपी गौतम सोलंकी, एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी सहित पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।