रतलाम। मालवा के मंदसौर में रविवार दोपहर में भयानक सड़क हादसा हुआ। एक ईको वैन बाइक से टकराकर कुएं में जा गिरी। इस दुर्घटना में 12 लोगों की मौत हो गई। जबकि दो बच्चों सहित 4 लोग घायल हुए। मरने वालों में 8 लोग रतलाम जिले के व 2-2 लोग उज्जैन और मंदसौर जिले के निवासी थे। सोमवार सुबह सभी मृतकों का अंतिम संस्कार अलग-अलग गांवों में एक साथ किया गया।

एक साथ उठी 6 अर्थियां-
आपकों बता दें कि रतलाम जिले के खोजनखेड़ा में एक साथ 6 अर्थियां उठीं। जबकि पिपलिया और सुरजना गांव से एक-एक शवयात्रा निकली। वहीं 4 अन्य लोगों के अंतिम संस्कार उज्जैन और मंदसौर में किए गए। घरों से अर्थियां निकलते ही परिजन बिलखने लगे। अंतिम यात्रा देख ग्रामीणों की आंखें नम हो गई। इससे पहले रविवार को मंदसौर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किया गया था।
मां आंतरी के दर्शन के लिए आ रहे थे सभी-
यह हादसा रविवार दोपहर करीब एक बजे मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बूढ़ा-टकरावद फंटे के समीप हुआ। वैन सवार करीब 14 लोग उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के मनासा क्षेत्र में स्थित मां आंतरी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी वैन की एक बाइक सवार से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही वैन बेकाबू हुई और बिना बाउंड्री वाले कुएं में जा गिरी। इस हादसे में वैन में सवार 14 में से 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि एक बाइक सवार और एक अन्य व्यक्ति जो बचाव कार्य में लगा था उसकी भी मौत हो गई।
