नीमच। भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा नीमच का दायित्व ग्रहण समारोह गत दिवस नीमच शहर के कालानी नगर स्थित शिवानन्द गार्डन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत माता एवं विवेकानंदजी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रगीत से की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदीप चौपड़ा, सेवा प्रमुख रिजनल (मध्यक्षेत्र) द्वारा व घनश्याम पोरवाल, प्रांतीय अध्यक्ष, मध्यभारत पश्चिम प्रान्त शपथ अधिकारी भी प्रमुख रुप से मौजूद रहे। अध्यक्ष पद हेतु घनश्याम पोरवाल, प्रांतीय अध्यक्ष, मध्यभारत पश्चिम प्रान्त ने मनीष कालानी, सचिव गौरव गट्टानी, एवं कोषाध्यक्ष पद हेतु अभय नलवाया को परिषद के आदर्शों, उद्देश्यों और उनकी अन्तर्भूत मर्यादा को निभाने की शपथ दिलाई।
कार्यकारिणी एवं नवीन सदस्यों को विशिष्ट अतिथि द्वारा शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत विकास परिषद गरीब, अशिक्षित पीड़ित मानवता की सेवा करने में जुटा हुआ है। नई पीढ़ी में सेवा, संस्कार की भावना विकसित हो, देश में भारतीय संस्कृति को संवर्धन प्रदान करने के उद्देश्य से परिवार संस्कार, गुरु वंदन, भारत को जानो आदि कार्यक्रम करती है। भारत विकास परिषद का मुख्य उद्देश्य समाज में प्रबुद्ध संभ्रांत एवं बुद्धिजीवी वर्ग को संगठित करके उन्हें देश की निर्धन, दिव्यांग एवं निरक्षर वर्ग की सेवा करने के लिए प्रेरित करता है। परिषद भगवान राम का अनुशरण करता है। आज हमें इस दिशा में कार्य करना चाहिए, जिससे लोगों मे संस्कार का भाव बने। आज बच्चे अपने माता- पिता से दूर होते जा रहे हैं, यह चिंता की बात है, इसका हल समाज को ही ढूढऩा होगा।
इस दौरान नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने भारत विकास परिषद के बारे विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि समाज में संस्कार और सेवा के प्रकल्पों के माध्यम से भारतीय संस्कृति पर आधारित समाज का निर्माण करना परिषद का लक्ष्य है। परिषद अपने पांच सूत्रों संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के आधार पर निस्वार्थ भाव से समाज सेवा कर रही है। विकास परिषद की शाखाओ के माध्यम से नीमच क्षेत्र में अनेक महापुरुषों की प्रतिमा स्थापित की गई है। इस क्रम में मातृशक्ति के सम्मान के लिए रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा की स्थापना भी नीमच नगर में शीघ्र की जाएगी। इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने विधायक नीधि से आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
नीमच नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा की परिषद् हमेशा से सेवा एव संस्कार के क्षेत्र में कार्य करती रही है। भारत विकास परिषद् में महिला सहभागिता बढ़नी चाहिए और संकल्प प्रकल्पों में महिलाओं की भूमिका सक्रिय होनी चाहिए। उन्होंने एनिमिया उन्मूलन, अभिरुचि शिविर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला जागरूकता, संस्कार शिविर में प्रत्येक स्तर शाखा, प्रांत एवं क्षेत्र पर महिलाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।
आयोजन में वन्दना खण्डेलवाल, जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, नीमच ने भी नवगठित टीम को बधाई देते हुए इस टीम द्वारा एक नया इतिहास रचने की कामना की। परिषद् के सचिव गौरव गट्टानी व कोषाध्यक्ष अभय नलवाया ने कहा कि अध्यक्ष मनीष कालानी के मार्गदर्शन में हर संभव कार्य किया जाएगा। इसके पश्चात अध्यक्ष सहित पूरी टीम ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
आयोजन में परिषद् के सदस्य व नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण अरौंदेकर एवं सुरभि सिंहल ने संयुक्त रूप से किया। अन्त में कार्यक्रम में पधारे समस्त आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।