अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में बाबा साहेब अंबेडकर जी की प्रतिमा पर कालिख पोतने का मामला सामने आया है। इसे लेकर बहुजन समाज पार्टी के नेताओं ने मोर्चा खोल दिया और चक्काजाम कर दिया। उन्होंने इस साजिश के पीछे आरएसएस का हाथ बताया है। वहीं बसपा ने 24 घंटे के अंदर उपद्रवी को पकड़ने का अल्टीमेटम दिया है।
अशोकनगर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत विदिशा रोड पर स्थित अंबेडकर पार्क में बाबा साहेब की प्रतिमा पर किसी ने कालिख पोत दी। इसे लेकर बसपा नेता और कार्यकर्ता भड़क उठे और विदिशा रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे टीआई मनीष शर्मा से बसपा नेताओं की बहस हो गई। एक घंटे तक बातचीत का दौर चला। इसके बाद बसपा कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क में बैठकर देर रात तक धरना देते रहे।
बसपा ने इसे आरएसएस की साजिश बताया है। बसपानेता बाबूलाल दैलबार ने कहा कि इस साजिश में आरएसएस का हाथ है और कोई नहीं कर सकता है। वहीं उन्होंने 24 घंटे में उपद्रवी को पकड़ने का अल्टीमेटम दिया है। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं एसडीएम ब्रिज विहारी श्रीवास्तव ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।