उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रस्तावित आगमन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने दाउद खेड़ी स्तिथ सामूहिक विवाह स्थल तथा मुख्यमंत्री डॉ यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने पर्याप्त प्रकाश, निर्बाध पॉवर सप्लाई,पेयजल एवं ठंडे की व्यवस्था,ब्रांडिंग ,तत्काल मैरिज पंजीयन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन सुव्यवस्थित करने के सहित अन्य आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण की जाएं।
उन्होंने आयोजन स्थल पर मौजूद अधिकारियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ जयति सिंह, एडीएम प्रथम कौशिक,जनपद पंचायत सीईओ संदीप यादव,लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।