इंदौर। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पाेरेशन लिमिटेड धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक बार फिर खास पहल कर रहा है। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए आईआरसीटीसी संचालित भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 9 जून को इंदौर से दक्षिण दर्शन यात्रा के लिए रवाना होगी।
यह ट्रेन मप्र के इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, बैतूल और नागपुर स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जहां से यात्री इसमें सवार हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार 9 रात और 10 दिन की इस यात्रा में तिरुपति, रामेश्वरम्, मदुरई, कन्याकुमारी और त्रिवेंद्रम जैसे प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीना के अनुसार यह एक सर्वसमावेशी टूर होगा। यात्रियों को विशेष एलएचबी रैंक में आरामदायक रेल यात्रा, ऑन-बोर्ड और ऑफ-बोर्ड भोजन, गुणवत्तायुक्त बसों से स्थानीय यात्रा, निर्धारित स्थानों पर आवास, टूर एस्कॉर्ट्स, यात्रा बीमा, सुरक्षा और हाउस कीपिंग जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
यह रहेगा श्रेणी अनुसार किराया
स्लीपर क्लास - 18,000 रुपए प्रति यात्री
थ्री एसी - 29,500 रुपए प्रति यात्री
सेकंड एसी - 38,500 रुपए प्रति यात्री
बुकिंग प्रक्रिया सरल रखी गई है। इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं या फिर इंदौर, भोपाल और जबलपुर रेलवे स्टेशनों पर स्थित आईआरसीटीसी कार्यालयों एवं अधिकृत एजेंट से भी जानकारी लेकर बुकिंग कर सकते हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह यात्रा उन श्रद्धालुओं के लिए सुनहरा अवसर है, जो दक्षिण भारत के तीर्थस्थलों की यात्रा एक साथ करना चाहते हैं।