मंदसौर। जिले में बुधवार सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर आगजनी की घटनाएं हुई। मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र के चंदवासा में कमलेश सोलंकी की किराने की दुकान में आग लग गई। सूचना के बाद मल्हारगढ़ और पिपलियामंडी से फायरब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था।
तहसीलदार ब्रजेश मालवीय मौके पर पहुंचे और आग लगने का कारण पता लगाने की कोशिश की। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। वहीं दुकान मालिक कमलेश सोलंकी के अनुसार 10 लाख रुपए के नुकसान की आशंका है।
वहीं दूसरा मामला पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र के गांव गुड़भेली का है। यहां बुधवार सुबह किसान के बाड़े में अचानक आग लग गई। यहां भी देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आगजनी की जानकारी मिलते ही पिपलिया मंडी से फायर फाइटर मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बाड़े में रखी उपज, मवेशियों के लिए रखा भूसा जलकर राख हो चुका था। घटना में 2-3 मवेशियों के जिंदा जलने की भी बात सामने आई है।
पिपलियामंडी पुलिस ने बताया कि किसान गोपाल धनगर के बाड़े में आग लगी थी, जिसे फायर ब्रिगेड की मदद से बुझा दिया गया। आग लगने का कारण पता लगाने की कोशिश की जा रही है, कुछ बकरियां भी जिंदा जली हैं। वहीं नुकसान का आंकलन जांच के बाद ही क्लीयर हो पाएगा।