रतलाम। वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर बुधवार को अक्षय तृतीया पर्व मनाया जा रहा है। आज रोहिणी नक्षत्र और शोभन योग की विशेष स्थिति के साथ सर्वार्थसिद्धि योग भी बन रहा है। शहर में कई समाज सामूहिक विवाह का आयोजन कर रहे है।
राजपूत समाज द्वारा सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। हाथी खाना स्थित राजपूत धर्मशाला में छह जोड़े विवाह बंधन में बंधें। इस दौरान तुलसी विवाह का आयोजन भी हुआ
सुबह 9 बजे बैंड-बाजे और ढोल की थाप के साथ दूल्हों का भव्य चल समारोह निकाला गया। समारोह में दूल्हा-दुल्हन ने एक दूसरे को वर माला पहनाई एक बग्गी में लड्डू गोपाल की मूर्ति और तुलसी का पौधा सजाया गया, जिस पर समाज के लोग सवार हुए। समारोह में समाज के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
वैष्णव बैरागी समाज का आयोजन
वैष्णव बैरागी समाज द्वारा शहर के अमृत सागर तालाब के पास स्थित हनुमान बाग में सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है। 18 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। रतलाम के अलावा आसपास के जिलों के भी दूल्हा दुल्हन शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराया जा रहा है।
बाल विवाह रोकने की तैयारी कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर जिले की सभी महिला एवं बाल विकास परियोजनाओं में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जो 2 मई तक सुबह 9 से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे।