नीमच। जिले के जावद में सकल ब्राह्मण समाज ने बुधवार शाम को भगवान परशुराम जी की जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली। यह शोभायात्रा बस स्टैंड आनंदधाम से शुरू हुई। परशुराम सेना की ओर से आयोजित इस शोभायात्रा की तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। शोभायात्रा नीमच दरवाजा, लक्ष्मीनाथ चौक, माणक चौक होते हुए आगे बढ़ी। फिर कंठाल चौराहा, कसेरा बाजार, जोगणिया माता चौराहा, धानमंडी और सर्राफा बाजार से होकर लक्ष्मीनाथ मंदिर पहुंची।
भगवान परशुराम की आकर्षक झांकी शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रही। महिलाएं, पुरुष और बच्चे ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते दिखे। अलग-अलग सामाजिक संगठनों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा की। साथ ही शीतल पेय का वितरण कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
रैली में जय श्रीराम और जय परशुराम के जयघोष पूरे नगर में गूंजते रहे। शोभायात्रा का समापन लक्ष्मीनाथ मंदिर में हुआ। यहां भगवान लक्ष्मीनाथ और परशुराम की महाआरती की गई। इसके बाद प्रसाद वितरण और सामूहिक भोजन के साथ उत्सव का समापन होगा।