चित्तौड़गढ़। राजस्थान के प्रसिद्ध श्री सांवलिया सेठ मंदिर में दान पात्र की गिनती का चौथा चरण पूरा हो चुका है। बुधवार को संपन्न हुए चौथे राउंड में 4 करोड़ 15 लाख 50 हजार रुपए की गिनती हुई। इसके साथ ही अब तक कुल 21 करोड़ 65 लाख 50 हजार रुपए की राशि गिनी जा चुकी है, जो भक्तों की गहरी आस्था और मंदिर की बढ़ती मान्यता को दर्शाता है। 26 अप्रैल को भंडार खुलने के बाद पहले दिन ही दान पात्र से 10 करोड़ रुपए की गिनती की गई। श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था और मंदिर की मान्यता को देखते हुए यह रकम हर बार पिछले आंकड़ों को पीछे छोड़ती जा रही है।
तीन दिन में हुआ करोड़ों का दान संग्रह-
रविवार 27 अप्रैल को अमावस्या होने के कारण दान की गिनती बंद रखी गई थी। उसके बाद सोमवार को गिनती फिर से शुरू हुई। इस दिन भंडार से 3 करोड़ 73 लाख 70 हजार रुपए निकले। अगले दिन मंगलवार को गिनती के चौथे राउंड में 3 करोड़ 76 लाख 30 हजार रुपए की गिनती हुई। 30 अप्रैल को संपन्न हुए चौथे राउंड की गिनती में कुल 4 करोड़ 15 लाख 50 हजार रुपए की गिनती की गई। इस तरह चार दिन की काउंटिंग में कुल 21 करोड़ 65 लाख 50 हजार रुपयों की काउंटिंग हो चुकी है।
आज होगा पांचवां राउंड
मंदिर प्रशासन ने बताया कि अगला यानी पांचवां राउंड आज 1 मई को होगा। यह गिनती राजभोग आरती के बाद शुरू की जाएगी। श्रद्धालुओं में इस बात को लेकर भी उत्साह है कि इस बार दान की कुल राशि नया कीर्तिमान स्थापित कर सकती है।