नीमच। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की नीमच जिला इकाई द्वारा आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नाम ज्ञापन देकर सरकार से पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाई गई। एक मई मजदूर दिवस के अवसर पर आज नीमच कलेक्टर कार्यालय पर श्रमजीवी पत्रकार संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में पत्रकार लामबंद हुए। पत्रकारों ने 21 सूत्रीय मांगों को लेकर डिप्टी कलेक्टर सीएस धार्वे को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में मुख्य रूप से कहा गया है कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए तुरंत कानून बनाया जाए। सरकार भोपाल में पत्रकार भवन के लिए भूखंड उपलब्ध कराए। पत्रकारों के लिए जिला स्तर पर पत्रकार भवन के लिए ज़मीन की व्यवस्था हो। पत्रकारों को आवासीय भूखण्ड अत्यंत रियायती मूल्यों पर शीध्र आवंटित किए जाए। श्रद्धा निधि के लिए अधिमान्यता पत्रकार होने की अनिवार्यता समाप्त की जाए। इस प्रकार की कई महत्वपूर्ण मांगे पत्रकारों के हित में ज्ञापन के माध्यम से श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा उठाई गई। ज्ञापन देने से पूर्व पत्रकारों की बैठक को श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष प्रदीप जैन और मौजूद पत्रकारों ने संबोधित किया। ज्ञापन के पश्चात पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गए नागरिकों और हरवार के पत्रकार स्वर्गीय राजेश जाट को श्रद्धांजलि दी गई। संचालन पत्रकार अविनाश जाजपुरा ने किया।