कुकड़ेश्वर। कुकड़ेश्वर नगर से मात्र 3 किलोमीटर दूर मनसा-रामपुरा रोड पर स्थित प्राचीन एवं चमत्कारी ओंकारेश्वर महादेव मंदिर, जूना पानी में एक भव्य आध्यात्मिक आयोजन होने जा रहा है। दिनांक 4 मई से 10 मई 2025 तक यहां सप्त दिवसीय 31 कुंडी रुद्र महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
इस पावन यज्ञ और कथा का शुभारंभ 4 मई को जल यात्रा, मंडप प्रवेश एवं कथा प्रारंभ से होगा। 5 मई को देवताओं का पूजन, अग्नि स्थापना, हवन एवं भव्य महारती संपन्न की जाएगी। 10 मई को पूर्णाहुति, कथा समापन एवं महाप्रसादी के साथ यह आयोजन सम्पन्न होगा।
भागवत कथा का रसपान प्रतिदिन दोपहर 12.30 बजे से 3.00 बजे तक कराया जाएगा, जिसमें कथा वाचक पं. नरेंद्र जी शर्मा (आमद खेड़ी) श्रीमुख से दिव्य प्रसंगों का वर्णन करेंगे। 31 कुंडी रुद्र महायज्ञ का संचालन पं. वेंकटेश शास्त्री पुरोहित रतन के निर्देशन में होगा।
हर दिन रात्रि 8.00 बजे से वृंदावन रासलीला का दिव्य आयोजन होगा, जिसकी प्रस्तुति पं. स्वामी देवेंद्र जी वशिष्ठ, वृंदावन धाम द्वारा की जाएगी। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि इस पुण्य आयोजन में भाग लेकर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से धर्म लाभ लें और अपने जीवन को धन्य बनाएं।