उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार को दो श्रद्धालुओं ने अलग-अलग भेंट अर्पित की। नई दिल्ली से आई भक्त सौम्या आदित्य गुप्ता ने मंदिर के पुजारी संदीप शर्मा की प्रेरणा से भगवान महाकाल को चांदी का मुकुट अर्पित किया। मुकुट का वजन 2783 ग्राम है। वर्तमान बाजार भाव के अनुसार इस मुकुट की कीमत लगभग तीन लाख रुपए है।
वहीं बालाघाट से आए श्रद्धालु हिम्मत सिंह तिल्हारे और अनुश्री सौरभ तिल्हारे ने मंदिर को एक वाटर कूलर भेंट किया। साथ ही मंदिर की आईटी शाखा के लिए एक प्रिंटर और कंप्यूटर के दो कीबोर्ड भी भेंट किए।मंदिर प्रबंध समिति ने दोनों दानदाताओं को रसीद प्रदान की। समिति ने उन्हें भगवान महाकाल का प्रसाद और दुपट्टा भेंटकर सम्मानित भी किया।