कुकड़ेश्वर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायत दाता अंतर्गत अमरपुरा संग्रामपुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में शुक्रवार को लाडली लक्ष्मी उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ की गई।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शीला पटेल ने उपस्थित माताओं और बालिकाओं को संबोधित करते हुए लाडली लक्ष्मी योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना वर्ष 2006 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रारंभ की गई थी, जिसका उद्देश्य बालिकाओं को जन्म से लेकर शिक्षा तक आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत बालिकाओं को कक्षा 6वीं में 2000, कक्षा 9वीं में 4000 तथा कक्षा 11वीं और 12वीं में पढ़ाई के दौरान प्रतिमाह 200 की राशि प्रदान की जाती है। इससे बालिकाओं की शिक्षा में निरंतर सुधार देखने को मिला है।
मुख्य अतिथि महिला बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक हर्षशाह जैन ने कहा कि यह योजना बालिकाओं के समग्र विकास हेतु अत्यंत लाभकारी है, और हर पात्र परिवार को इसका लाभ लेना चाहिए। उन्होंने योजना संबंधी जानकारी के लिए विभाग से संपर्क करने का आग्रह भी किया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं का सम्मान कर कन्या पूजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम की माताएं, बहनें, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। संचालन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शीला पटेल ने किया तथा आभार सहायिका चौसर बाई ने व्यक्त किया।