मनासा। मौसम ने अचानक करवट बदली और सोमवार को नीमच जिले सहित मनासा और ग्रामीण अंचल में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। सुबह 10 बजे बाद तेज रफ्तार से हवा चली। इसी बीच धूल भरी आंधी से कुछ ही मिनटों के लिए अंधेरे सा नजारा बन गया। देखते ही देखते मनासा में बारिश के साथ ओले गिरने लगे जिससे लोगों में अफरा तफरी मच गई। एक घंटे हुई झमाझम बारिश से कई जगहों पर भरा पानी भर गया। धूल भरी आंधी से कई जगह बड़े बड़े पेड़ गिर गए, जिससे शहर सहित ग्रार्मीण अंचल में बिजली गुल रही। हालांकि मौसम के बदले तेवर से तापमान में थोड़ी गिरावट आई है। वहीं सोमवार को शहर सहित ग्रामीण अंचल में होने वाले शादी समारोह आयोजन को लेकर लोगों को कई परेशानी उठानी पड़ी। कई जगहों पर खुले में लगाए हुए टेंट डेकोरेशन हवा से तितर बितर हो गए। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले दो तीन दिन में तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।