नीमच। जिले के गांव डसानी में शासकीय भूमि पर लगे हरे भरे वृक्षों को जेसीबी से नष्ट करके भूमाफियाओं द्वारा उस पर अवैध रूप से अतिक्रमण करने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों द्वारा रोके जाने पर उन्हें भूमाफिया द्वारा गुंडो के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी जा रही है। भूमाफिया की हरकत से तंग आकर आज गांव डसानी के रहवासी बड़ी संख्या में एकत्रित होकर नीमच के कलेक्टर कार्यालय और एसपी कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचे। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि विपक्षी विक्रम नागदा और राजकुमार गुर्जर शासकीय गोचर और खेल मैदान की भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं। विपक्षियों द्वारा सरकारी भूमि पर स्थित हुए से पानी नहीं भरने दिया जा रहा है। कुएं पर अवैध कब्जा कर नष्ट करने की धमकी दी जा रही है। खेतों पर आने जाने का रास्ता रोक दिया गया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर और एसपी से आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।