चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल में अन्तर सदनीय ओब्सटेकल प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव के निर्देशन में किया गया। स्कूल के ओब्सटेकल ग्राउंड में आयोजित हुई। इस अंतर सदनीय प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया थे। मुख्य अतिथि का स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह ने स्वागत किया।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य कैडेट्स में धैर्य, दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास को सुदृढ़ करना, नेतृत्व क्षमता का विकास, समन्वय और अटूट खेल भावना की प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना था। कैडेट्स ने असाधारण गति, सहनशक्ति और समर्पण का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में कुल आठ सदनों के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने शारीरिक दृढ़ता, सहनशक्ति और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। व्यक्तिगत श्रेणी में जयमल हाउस के कैडेट अनुराग थालोर ने 1.27 मिनट में कोर्स पूरा करके पहला स्थान हासिल किया। सांगा हाउस के कैडेट अलकेश ने 1.33 मिनट और हमीर हाउस के कैडेट अनुष्क जादौन ने 1.34 मिनट में कोर्स पूरा कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में हमीर हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सांगा हाउस और कुम्भा हाउस ने क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत और उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता हाउस को ट्रॉफी प्रदान की गई।