बड़वानी। जिले के अंजड़ में सोमवार रात आई आंधी-तूफान से केले की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। अंजड़ तहसील के गोलाटा, दतवाड़ा और मोहिपुरा गांव में सैकड़ों एकड़ में लगी केले की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई।
प्रभावित किसानों ने मंगलवार दोपहर को तहसील कार्यालय में पहुंचकर मुआवजे के लिए आवेदन दिया है। किसान जितेंद्र सिंह मंडलोई और बसंत सिंह सोलंकी ने बताया कि तेज हवाओं ने तीनों गांवों के खेतों में खड़ी केले की फसल को बर्बाद कर दिया है। इस नुकसान से किसानों को लाखों रुपए की क्षति हुई है।
दतवाड़ा के किसान बसंत सोलंकी ने बताया कि उनके क्षेत्र में केले की खेती ही मुख्य आजीविका का साधन है। किसानों ने केसीसी लोन लेकर केले की खेती की थी। अब फसल नष्ट होने से उन्हें कर्ज चुकाने की चिंता सता रही है। किसानों ने तहसील प्रशासन से फसल क्षति का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।