इंदौर। पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहलगाम हमले में मारे गए इंदौर के सुशील नथानियल की पत्नी जेनिफर ने कहा, भारत ने सही समय पर बदला लिया, अब खौफ आतंकियों के चेहरे पर दिखना चाहिए।
शहरवासियों ने सेना के एक्शन का समर्थन किया और कहा कि आतंकवाद को भारत से जड़ से खत्म करना चाहिए। जीत इस की खुशी में 56 दुकान पर आज मिठाइयां बांटी गई और दिनभर खाना भी फी मिलेगा। वहीं शहर के रीगल चौराहे पर संतों शंखनाद किया। पाकिस्तानी झंडे को जलाकर बोले, निर्दाेषों की हत्या का बदला सेना ने लिया।
जेनिफर बोलीं- उन 4 आतंकियों को भी मारे, जिन्होंने हमला किया
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए इंदौर के सुशील नथानियल की पत्नी जेनिफर बोलीं, सुबह 6 बजे मुझे पता चला कि भारत ने हमला कर दिया है। वो जो चार आतंकवादी थे, उन्हें भी मारना चाहिए और जो उन्हें सिखा रहे हैं, उन्हें भी मारना चाहिए। वो चार आतंकी आज भी मेरी आंखों के सामने आते हैं।
मुझे जिस सेना के जवान ने बचाया वो मेरे बेटे के बराबर था, उसके अंदर गुस्सा था, वो कह रहा था आतंकी मिलेंगे और उन्हें जरूर मारेंगे। आपने देखी होगी हो वो हरी जगह... जो अचानक से लाल हो जाए, कैसा लगेगा आपको। हमें विकट समय में एक-दूसरे की मदद के लिए तैयार रहना चाहिए।
हमारे धर्म में ये सिखाते हैं कि कोई एक गाल पर मारे तो दूसरा आगे कर दो। पर ये कैसा धर्म जो सिखाता है कि कोई कुछ भी नहीं कर रहा है, कोई बच्चों के साथ खेल रहा है, कोई कुछ कर रहा है, उसे गोली मार दो। ये किस धर्म में लिखा है, ये कौन सिखाता है, मैं खुद शिक्षक हूं। हमने तो कहीं नहीं सीखा और न कहीं पढ़ा है।
56 दुकान पर आज फ्री मिलेगा
इंदौर में 56 दुकान आज सुबह मिठाई बांटी गई। 56 दुकान संगठन के अध्यक्ष गुंजन शर्मा ने बताया कि आज इस खुशी में 56 दुकान पर जिसे जो खाना है, सभी फ्री है। भारत की विजय की खुशी में खूब खाएं।
रीगल चौराहे संतों ने किया शंखनाद
शहर में रीगल चौराहे पर कई संत पहुंचे। यहां उन्होंने शंखनाद करते हुए पाकिस्तान का झंडा जलाया और जय जय सियाराम का जयघोष किया। संत रीगल चौराहे पर सड़क पर बने पाकिस्तान के झंडे पर खड़े हुए। उन्होंने झंडे को जमीन पर रखकर चप्पल से मारा और फिर उसमें आग लगाकर जला दिया।
संतों ने बताया कि हंसदास मठ में हवन किया गया। वे रीगल चौराहे पर खुशी मनाने आए।
उन्होंने कहा कि हमारी भारत सरकार और सैनिकों द्वारा चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर सफल रहा है। पहलगाम में हमारे निर्दाेष सनातनी भाइयों की हत्या का बदला भारतीय सेना ने ले लिया है। अब पाकिस्तान को सबक सीख लेना चाहिए कि सनातन धर्म के लोग, भारत के नागरिक, सैनिक और राजनेता एकजुट हो चुके हैं।