नीमच। शहर में कुचबंदिया गिहारा समाज के तत्वावधान में 9 मई शुक्रवार को माता महारानी उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। दो दिवसीय उत्सव के पहले दिन धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन हुए। दोपहर 1 बजे विनोबा गंज नया बाजार से रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें मरी माता रानी को फूलों से सजे रथ में विराजित कर पूजा-अर्चना की गई।चल समारोह में समाजजन पारंपरिक परिधानों में उत्साहपूर्वक शामिल हुए। डीजे, ढोल पार्टी, माता की झांकियां, भजन और जय घोष पूरे माहौल को भक्तिमय बना रहे थे। देशभर से समाजजन इसमें भाग लेने पहुंचे। यात्रा नया बाजार, घंटाघर, कमल चौक, टैगोर मार्ग होते हुए विनोबा गंज पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में समाज जनों के लिए पीने के लिए ठंडे पेय पदार्थों की व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। कल्याण कमलमय समर्थक समिति और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह शोभायात्रा और श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। महाआरती व स्नेह मिलन समारोह का आयोजन भी हुआ। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों व अतिथियों का सम्मान किया गया। कल शनिवार को समाज के महू रोड स्थित मरी माता मंदिर पर विशेष पूजा अर्चना के साथ माता रानी का श्रृंगार होगा ।हवन, पूजन, प्रसादी का आयोजन किया जाएगा।