मनासा। नगर के भाटखेड़ी नाके पर शनिवार की शाम को अचानक आए तेज आंधी-तूफान से जहां आम जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं मुख्य मार्ग पर मौजूद सालों पुराना नीम का पेड भी धराशायी हो गया। वहीं पेड़ के गिरने से उसकी चपेट में आने से करीब दर्जनभर लोग भी बाल-बाल बच गए। नगर सहित ग्रामीण अंचल में देर शाम 5 बजे करीब तेज आंधी-तूफान चलने लगे और तेज बारिश शुरू हुई। जिसके कारण अनेक पेड़ जमीन तक लहराने लगे। इसी दौरान भाटखेड़ी नाके पर स्थित पुराना नीम का पेड़ गिर गया। संयोग से यह पेड़ मुख्य सड़क पर गिरा। अगर यह पेड़ दूसरी तरफ गिरता तो अनेक आसपास मौजूद गुमटियों और लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। हालांकि मुख्य रास्ता बंद होने से आवागमन बाधित हुआ। नगर परिषद टीम ने मौके पर पहुंच रास्ता खुलवाले के लिए पेड़ को हटाने में लग गए। साथ ही आप को बता दें कि शनिवार की देर शाम चली तेज आंधी तूफान के कारण कई जगहों पर पेड़ गिरने की छोटी घटनाएं सामने आई हैं।