नीमच। चौना माता- कुशला माता मंदिर में जारी पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को धार्मिक अनुष्ठानों की धूम रही। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। वेद मंत्रों के उच्चारण के बीच पंडितों द्वारा यज्ञ, हवन व विशेष पूजन विधियां संपन्न कराई गईं। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में अमृत कलश लेकर मंदिर परिसर पहुंचीं और श्रद्धाभाव से आहुतियाँ दीं। श्रीराम दरबार, शिव परिवार और मातृशक्ति की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा विधिपूर्वक की गई। समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और बच्चों ने भी पूरे उत्साह से भाग लिया।दोपहर तक यज्ञ और पूजा का क्रम चलता रहा, जिसके बाद भजन-संकीर्तन और सत्संग का आयोजन हुआ। बुधवार शाम को श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के साथ संध्या आरती में भाग लिया। मंदिर परिसर भक्ति भाव और सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत नजर आया।कार्यक्रम संयोजकों ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत 17 मई को भव्य शोभायात्रा और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मध्य प्रदेश गुजरात राजस्थान से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।