नीमच। शहर में आज सकल हिंदू समाज द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर मांग की गई है कि प्रदेश में बेटियों के विरुद्ध संगठित षड्यंत्र लव जिहाद के खिलाफ सरकार ठोस कार्यवाही करें। कलेक्टर कार्यालय पर डिप्टी कलेक्टर राजेश शाह को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में भोपाल, रीवा, सागर, मुरैना सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में नाबालिग बच्चियों व महिलाओं को प्रेमजाल में फँसाकर शारीरिक शोषण व धर्मांतरण के मामले सामने आए हैं। इस विषय को राष्ट्रीय महिला आयोग और मानवाधिकार आयोग ने भी गंभीरता से लिया है। ऐसे मामलों से न केवल बेटियों की सुरक्षा खतरे में है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा व सामाजिक सद्भाव भी प्रभावित हो रहा है। नीमच में सकल हिन्दू समाज द्वारा मांग की गई है कि इन मामलों की जाँच एनआईए को सौंपी जाए। पुलिस की लापरवाही व सहयोगी भूमिका की निष्पक्ष जाँच हो। भय व बदनामी के चलते एफआईआर न कर पाने वाली पीड़िताओं की ओर से शासन स्वयं मामला दर्ज करें। अनाथ व नाबालिग पीड़िताओं के लिए विशेष सुरक्षा व आर्थिक सहायता की व्यवस्था हो। सभी संस्थाओं में कार्यरत कर्मचारियों व विद्यार्थियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया जाए। अपराधियों को फांसी की सजा दिलाने हेतु ठोस सबूतों के साथ कार्यवाही हो।