मुरैना। जौरा रोड पर यातायात व्यवस्था के लिए तैनात आरक्षक ने रोंग साइड में आ रही कार को रोक दिया। इस बात पर कार सवार एक महिला व दो पुरुषों ने आरक्षक की मारपीट कर दी। तीनों पर सरकारी कार्य में बाधा व मारपीट का केस दर्ज किया गया है।
यातायात थाने के आरक्षक ज्ञानदीप कुशवाह ने सिविल लाइन थाने में दर्ज करवाई एफआइआर में बताया है, कि वह जौरा रोड पर तैनात था। इसी दौरान बिना नंबर की कार, जिसका ड्राइवर रोंग साइड से गाड़ी ला रहा था, उक्त कार को रोकना चाहा तो कार चला रहा युवक गालियां देने लगा। आरक्षक के अनुसार उसने गालियां देने से रोका और कार का चालान करने की कहा, इसी बात पर तीनों ने मिलकर उसकी मारपीट कर दी। इस मारपीट में आरक्षक की वर्दी फट गई। पुलिस ने आरोपी बंटी उर्फ लालसिंह पुत्र काशीराम धाकड़, बबीता धाकड़, अमर सिंह पुत्र रतीराम धाकड़ पर एफआइआर दर्ज की है। इस विवाद में बंटी धाकड़ के सिर में भी चोट आई है।