नीमच। शहर में चैनामाता-कुशला माता मंदिर परिसर में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का पांच दिवसीय भव्य आयोजन किया जा रहा है। कल शाम कार्यक्रम के तहत एक भव्य और ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई।आज सुबह 6.30 बजे से प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम शुरू हुआ जहां नवनिर्मित मंदिर में भगवान शिव परिवार, श्रीराम दरबार, मातेश्वरी चैनामाता-कुशलामाता और रूपजी महाराज की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। साथ ही मंदिर के शिखर पर कलश स्थापना के साथ ध्वजा फहराई गई। इसके साथ पंचकुंडीय यज्ञ की पूर्णाहुति हुई। महाआरती के बाद महाप्रसादी का आयोजन किया गया। इससे पहले शनिवार को चैनामाता-कुशला माता मंदिर परिसर में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर लखेरा समाज ने बैंड व ढोल-ढमाकों के साथ कलश व शोभायात्रा निकाली। आगे-आगे धर्मध्वजा लिए समाजजन चल रहे थे। बैंड की धुन युवा नृत्य करते व जयकारे लगा रहे थे। 51 महिलाएं मंगल जल कलश शिरोधार्य किए शामिल हुई। हवन-पूजन के साथ दिनभर धार्मिक अनुष्ठान हुए। कलश व शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर मूलचंद मार्ग, कुम्हारा गली, सराफा बाजार, नया बाजार, फव्वारा चौक, टैगोर मार्ग, भारत माता-फोरजीरो चौराहा होते हुए करीब 4 किमी लंबा सफर तय कर पुनः मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में फूलों से सजी बग्धी में मातारानी की तस्वीर विराजित थी और पीछे रामलला, श्रीनाथ जी, राधा-कृष्ण सहित अन्य धार्मिक चलित झाकियां शामिल थी।