मनासा। बीती रविवार देर शाम मनासा के बड़े तालाब में तेज हवा के कारण नाव असंतुलित होकर पलटी खा गई, जिसमें सवार 5 लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन एक युवक सतीश (काना) पिता धनराज ग्वाला उम्र करीब 32 की पानी में डूबने से मौत हो गई।

देर रात तक एसडीईआरएफ नीमच की टीम ने सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। बावजूद युवक का शव नहीं मिला। इवके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन रोका गया। सोमवार अल सुबह गोताखोरों के साथ पुनः युवक के शव की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाना था, लेकिन अल सुबह 6 बजे करीब तालाब के पानी में कुछ लोगों ने युवक के शव को तैरता हुआ देखा तो नगर परिषद और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मनासा पुलिस और नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और नगर परिषद कर्मचारियों ने तैरते हुए शव को पानी से बाहर निकाला। मौके पर पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया। जहां पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपूर्द किया गया। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
