नीमच। मेरी पुत्री की हत्या उसके ससुराल वालों और पति द्वारा पीठ पीठ कर दी गई। मेरा दामाद राजू उर्फ राजेंद्र, सुसर माधुलाल सास गीता, जेठ राकेश और जेठानी रामेश्वरी मेरी बेटी रेखा को दहेज व छोटी-छोटी बातों को लेकर बहुत ज्यादा प्रताड़ित करते थे। इस बात की शिकायत लेकर न्याय की गुहार लगाते हुए रमेशचन्द्र गायरी निवासी जलिया, तहसील निम्बाहेड़ा आज नीमच के एसपी कार्यालय पहुंचा।
रमेश चंद्र ने पुलिस अधीक्षक के नाम दिए गए आवेदन में बताया कि मेरी पुत्री रेखा का विवाह वर्ष 2018 में बघाना थाना अंतर्गत ग्राम लखमी निवासी राजू उर्फ राजेन्द्र धनगर से हुआ था। विवाह के बाद से ही उसे ससुराल पक्ष- पति, ससुर, सास, जेठ व जेठानी द्वारा दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। परिवार जनों ने बताया कि दिनांक 13 मई 2025 को रेखा के साथ आरोपियों द्वारा मारपीट की गई और बाद में उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में गुप्ता अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। इसके बावजूद हमें कोई सूचना नहीं दी गई। 14 मई को सुबह 10 बजे फोन पर बताया गया कि रेखा का देहांत हो गया है। जब मैं नीमच पहुंचा और शव देखा, तो उसकी गर्दन पर चोट के निशान थे और गहने भी गायब थे। पुलिस थाना बघाना पर शिकायत की, लेकिन मेरी रिपोर्ट नहीं ली गई और मुझे ही धमकाया गया। जांच कर रहे पुलिसकर्मी गिरधारीलाल गायरी, रेखा के ससुरालवालों के रिश्तेदार हैं और मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। रेखा के पीहर पक्ष ने एसपी से मांग की है कि मेरी पुत्री की संदिग्ध मृत्यु की निष्पक्ष जांच की जाए। दोषियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। पक्षपात कर रहे पुलिस अधिकारियों को हटाकर ईमानदार जांच अधिकारी नियुक्त किया जाए।