नीमच। भारत विकास परिषद सुभाष शाखा नीमच द्वारा गौ सेवा ही परमो धर्म की भावना को साकार करते हुए ग्राम गिरदौड़ा स्थित श्री हरि गौशाला में भव्य गौ सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौ माता के लिए राजभोग का विशेष आयोजन हुआ, जिसमें परिषद परिवार द्वारा 10 क्विंटल ताजी सब्जियाँ, 10 किलो मिठाई, एक ट्रॉली हरा चारा और 31 किलो गुड़ का प्रसाद अर्पित किया गया। इसके बाद पंचमुखी बालाजी मंदिर, कानखेड़ा में परिषद की साधारण सभा रखी गई। सभा की अध्यक्षता करते हुए ललित राठी ने परिषद की वार्षिक सेवा गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि सुभाष शाखा ने अल्प समय में 650 सकोरे वितरण, सफल नेत्रदान, 21 पानी की मटकी वितरण, हनुमान और परशुराम शोभायात्रा, तिरंगा यात्रा जैसे आयोजनों में सक्रिय सहभागिता निभाई है। आगामी कार्य योजनाओं में उन्होंने एक गौशाला को गोद लेना, रानी लक्ष्मीबाई की मूर्ति स्थापना, पर्यावरण पखवाड़ा, स्वास्थ्य शिविर, 10 निर्धन परिवारों की वार्षिक सहायता, गुरुवंदन-छात्र अभिनंदन, भारत को जानो प्रतियोगिता, स्थाई रक्तदान मंडल तथा बाल संस्कार शिविर आदि कार्यक्रमों की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन उमेश शर्मा ने किया। सचिव मनीष गर्ग ने आभार प्रकट किया।