मनासा। मंगलवार दोपहर मनासा के रानी लक्ष्मीबाई मार्ग पर एक कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति थोड़ी विवादित हो गई। सूचना मिलते ही मनासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए माहौल शांत कराया। घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए मनासा शासकीय अस्पताल भिजवाया गया।
घटना में घायल व्यक्ति की पहचान रामलाल पिता जस्सा बंजारा, निवासी मांगरोल चक के रूप में हुई है। उनके पैर में गंभीर चोटें आई हैं और चिकित्सकों के अनुसार एक पैर में लगभग 17 टांके आए हैं। घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। मनासा थाना प्रभारी शिव रघुवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि घायल व्यक्ति द्वारा अभी तक थाने पर कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। फिलहाल रामलाल का इलाज मनासा शासकीय अस्पताल में जारी है।