नीमच। कनावटी गांव में अपनी दो बीघा कृषि भूमि पर 50 सालों से काबिज़ किसान किशोर नायक पिता प्रभुलाल नायक आज फिर न्याय की आस में नीमच कैंट थाने पहुंचे। किशोर नायक ने आरोप लगाया कि सुमित और अमित सिंघानिया नामक व्यक्ति उनकी ज़मीन पर जबरन कब्ज़ा करने की कोशिश कर रहे हैं।
नायक का कहना है कि पुलिस और प्रशासन से शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे हताश होकर किशोर ने कहा हैं कि या तो हमारी ज़मीन हमें दिला दो, या फिर हमें फांसी दे दो। किशोर नायक के अनुसार, सिंघानिया बंधुओं की नज़र उनकी पुश्तैनी ज़मीन पर है, जो उनकी खुद की ज़मीन के ठीक पीछे हैं। 3 जून को सिंघानिया अपने 25 गुंडों और दो ट्रैक्टर पत्थरों के साथ उनके खेत पर पहुंचा था, लेकिन किशोर नायक और उनके परिवार ने उन्हें खदेड़ दिया। आज दोपहर सिंघानिया एक बार फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली में पत्थर लेकर खेत पर आए और वीडियो बनाने लगे। जब पीड़ित परिवार ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो वे झगड़े पर उतारू हो गए। इसके बाद किशोर नायक ने तुरंत 100 डायल कर पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित किसान किशोर नायक ने बताया कि सिंघानिया उन पर 20 हज़ार रुपये लेने का झूठा आरोप लगा रहा हैं, जबकि उनका इरादा केवल ज़मीन हड़पना है। नायक ने कैंट थाने, एसपी कार्यालय और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन उन्हें अफ़सोस है कि आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल किशोर नायक और उसका परिवार बेहद चिंतित और निराश है। वह अपनी पुश्तैनी ज़मीन बचाने के लिए न्याय की गुहार लगा रहा हैं।