मंदसौर। पुलिस विभाग के समस्त कर्मचारी के सर्विस रिकॉर्ड को ईएचआरएमएस पोर्टल पर ऑनलाइन करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण जिला ई दक्ष केंद्र मंदसौर में मास्टर ट्रेनर सत्येंद्र राठौर द्वारा प्रदान किया गया। ईएचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से पुलिस विभाग के समस्त कर्मचारियों का सर्विस रिकॉर्ड का डाटा डिजिटाइज़ किया जाएगा। ईएचआरएमएस न केवल ई-सेवा पुस्तिका को बनाए रखने का प्रावधान प्रदान करता है, बल्कि कर्मचारी की व्यक्तिगत जानकारी, पारिवारिक विवरण, नामांकित व्यक्ति, शिक्षा, योग्यता, स्थानांतरण इतिहास, वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट, छुट्टी रिकॉर्ड आदि भी उपलब्ध कराता है। जिससे विभाग के कर्मचारियों की समस्त जानकारी ऑनलाइन अपडेट रहेगी। जिससे प्रत्येक कर्मचारी अपने सर्विस बुक रिकॉर्ड को देख पाएगा, इस हेतु समस्त पुलिस थानों के इंचार्ज ऑफिसर एवं इंचार्ज क्लर्क को पोर्टल पर कर्मचारी के रजिस्ट्रेशन एवं जानकारी को अपडेट करने तथा सर्विस बुक अपलोड करने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।