इंदौर। वैश्विक स्टार्टअप मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से आज रविवार 8 जून को इंदौर में एक मेगा स्टार्टअप इन्वेस्टर मीट ‘टाइफून’ का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन युवा उद्यमियों, छात्रों और इनोवेटर्स के सपनों को हकीकत में बदलने के लिए मंच प्रदान करेगा। इसमें उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर मार्गदर्शन देंगे। आयोजन में शारजाह की रॉयल फैमिली ऑफिस, स्विट्जरलैंड बेस्ड फंड सहित कई प्रमुख इन्वेस्टर्स और डेलीगेट्स शामिल होंगे।
कुल 1100 स्टार्टअप ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 700 ने राउंड-1 क्लियर किया। 400 से 450 स्टार्टअप राउंड-2 पार कर 250 इन्वेस्टर्स के सामने अपने आइडिया प्रस्तुत करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में 100 दिनों तक 105 फैकल्टी और 50 सपोर्ट स्टाफ की टीम ने मेहनत की। आयोजन एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के चांसलर के नेतृत्व में होगा।
35 प्रतिशत स्टार्टअप महिलाओं के
सबसे अधिक आवेदन कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हेल्थकेयर और ड्रोन एंड स्पेस टेक्नोलॉजी कैटेगरी में आए हैं।
35 प्रतिशत स्टार्टअप महिला उद्यमियों द्वारा संचालित हैं। करीब 50 प्रतिशत प्रतिभागी ग्रामीण पृष्ठभूमि से हैं।
कई स्टार्टअप को फंडिंग अप्रूव हो चुकी है, कुछ अंतिम चरण में हैं।