नीमच। देश के साथ प्रदेश में भी कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इंदौर में शनिवार को 12 नए मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें नीमच से एक कैंसर मरीज भी शामिल है। इसके साथ ही इंदौर में अब तक कुल मामलों की संख्या बढ़कर 50 हो गई है, जिनमें 9 मरीज अन्य जिलों से हैं। खास बात यह है कि 48 नए मरीज बीते 16 दिनों में आए हैं। अभी करीब 20 से ज्यादा मरीज होम आइसोलेट हैं जबकि नीमच के व्यक्ति को कैंसर होने के कारण उसे एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट किया गया।

नीमच जिले में कोरोना का पहला मामला-
नीमच जिले में कोरोना का पहला मामला सामने आया है। जावद तहसील के अठाना दरवाजा क्षेत्र का 40 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। मरीज कैंसर के इलाज के लिए इंदौर के अरविंदो हॉस्पिटल में भर्ती है। इलाज के दौरान उसमें कोरोना के लक्षण दिखे और जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई।

संक्रमित व्यक्ति के घर का लिया जायजा-
सूचना मिलते ही सीएमएचओ डॉ. दिनेश प्रसाद के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम शनिवार रात जावद पहुंची। टीम ने संक्रमित व्यक्ति के घर का जायजा लिया और संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई। मरीज अपनी विकलांग मां और छोटे भाई के साथ रहता है, जो वर्तमान में इंदौर में हैं। फिर भी उनके आवास पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

44 वर्षीय महिला की कोविड से मौत-
शनिवार को खरगोन की एक 44 वर्षीय महिला की कोविड से मौत भी इंदौर में दर्ज की गई, जो इंदौर में कोविड से दूसरी मौत है। महिला की डिलीवरी हुई थी और गायनिक संबंधी तकलीफ थी। 5 मई को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर उसे एमआरटीबी हॉस्पिटल रेफर किया था, जहां उसकी मौत हो गई थी।

सीएमएओ का दावा- मौत का कारण कोरोना नहीं-
इसके पहले अप्रैल में एक 72 वर्षीय महिला की मौत हुई थी। दोनों ही मौत के मामले में सीएमएचओ का कहना है कि मौत का कारण कोरोना नहीं है। नए मरीजों में आठ की गोवा, दिल्ली, पुणे और वियतनाम की ट्रैवल हिस्ट्री है जबकि एक महिला इंदौर में ही शादी समारोह में शामिल हुई थी।
इन शहरों और देशों की मिली है ट्रैवल हिस्ट्री-
अब तक जितने मरीज मिले हैं, उनकी केरल, दिल्ली, पुणे, गोवा, कोलकाता, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, देवास, उज्जैन, मथुरा, उड़ीसा, बद्रीनाथ, रायपुर के अलावा यूके, सिंगापुर, वियतनाम की भी ट्रैवल हिस्ट्री मिली है। नए मरीजों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भोपाल लैब भेजे जा रहे हैं। इनके संपर्क में आए लोगों की भी ट्रेसिंग की जा रही है। एक को छोड़कर सभी होम आइसोलेट हैं।
