मनासा। शासकीय अस्पताल मनासा में डायलिसिस मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाने की शिकायतें बढ़ती जा रही हैं। शनिवार को इसी प्रकार की एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया, जब एक मरीज को समय पर डायलिसिस नहीं मिलने के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई।
पड़दा निवासी पंकज पिता प्रभुलाल मालवीय, जो कि स्वयं 108 एंबुलेंस में पायलट के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि वे शनिवार सुबह 7 बजे अपने पिताजी को डायलिसिस के लिए शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन अस्पताल में डायलिसिस इंचार्ज की अनुपस्थिति में वहां सफाई कर्मचारी द्वारा कार्य किया जा रहा था, जिससे तीन घंटे तक डायलिसिस नहीं हो सका। इस दौरान मरीज की हालत बिगड़ती गई।
पंकज ने बताया कि वह स्वयं स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी होने के बावजूद जब ऐसी लापरवाही का शिकार हुआ, तो आमजन की स्थिति की कल्पना की जा सकती है। उन्होंने इस मामले की शिकायत ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ), क्षेत्रीय विधायक, 181 हेल्पलाइन और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई है।
मरीजों की जीवनरक्षक सेवाओं में इस प्रकार की लापरवाही निंदनीय है और प्रशासन से मांग की जा रही है कि दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।