मनासा। मंदिरों की नगरी मनासा में आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा मंशापूर्ण महादेव की 19वीं भव्य महासवारी आगामी 29 जुलाई, सोमवार दोपहर नगर में पूरे लवाजमे के साथ निकाली जाएगी। इस महासवारी को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए मंशापूर्ण भक्त मंडल बीते एक माह से तैयारियों में जुटा हुआ है।
महा सवारी से एक दिन पूर्व, 28 जुलाई रविवार को भक्त मंडल नगर में पीले चावल वितरित करते हुए वाहन रैली निकालकर धर्मप्रेमी जनता को बाबा की सवारी में सादर आमंत्रित करेगा। भक्त मंडल के अनुसार, बाबा मंशापूर्ण महादेव फूलों से सुसज्जित रथ में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इस दौरान उनकी सवारी में 51 ढोलों की भव्य पार्टी, नगर के युवाओं की ताशा पार्टी, भजन मंडलियाँ, गुजरात का प्रसिद्ध बैंड, दिल्ली की स्वांगधारी आकर्षक पार्टी, भूत-प्रेत की झांकियाँ शामिल होगी। इन आकर्षक झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ बाबा की रथ यात्रा नगरवासियों के लिए आध्यात्मिक आस्था और संस्कृति का अनुपम संगम होगी।
मंशापूर्ण भक्त मंडल ने नगर के समस्त समाजों, सामाजिक संस्थाओं, राजनीतिक दलों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे इस भव्य रथयात्रा में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करें और आयोजन की शोभा बढ़ाएं।