शिवपुरी। जिले में जनसुनवाई के दौरान शिवपुरी जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने भीगते हुए कलेक्टर को अपनी पीड़ा सुनाई। बारिश के बावजूद लोग शिकायतें लेकर जनसुनवाई में पहुंचे और बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, और तालाब से हुए जलभराव जैसी गंभीर समस्याओं पर कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्राम चांड पंचायत सकलपुर के आदिवासी ग्रामीणों ने बताया कि वे बीते 8 महीने से बिजली के बिना जीवन जीने को मजबूर हैं। गांव में डीपी और मीटर लग चुके हैं, फिर भी बिजली नहीं आई। बच्चों की पढ़ाई चौपट हो गई और बरसात के मौसम में जहरीले जीव-जंतुओं का डर बना हुआ है। कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बिजली की आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
वहीं ग्राम सिंह निवास के लोगों ने आवेदन देते हुए कहा कि अग्रसेन नगर से रेलवे स्टेशन तक का रास्ता बेहद खराब है। गड्डों और कीचड़ से भरे रास्ते से बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है और खेतों तक पहुंचना भी दूभर है। जिन सर्वे नंबरों पर रास्ता बनना है, वे सभी शासकीय भूमि में आते हैं, फिर भी अब तक सड़क निर्माण नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जल्द पक्की सड़क बनाए जाने की मांग की।