शिवपुरी। गुना और अशोकनगर जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से तीनों जिलों के कलेक्टरों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की। सिंधिया ने कलेक्टरों को सख्त निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा, भोजन, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर नाव, हेलिकॉप्टर और अन्य संसाधनों का तुरंत उपयोग किया जाए। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को समन्वय में रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सिंधिया ने बताया कि वे केंद्रीय गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के निरंतर संपर्क में हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी लगातार स्थिति साझा की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर राहत कार्यों को तेजी से अंजाम दे रही हैं।अपने संबोधन में सिंधिया ने स्थानीय विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों से अपील की। उन्होंने कहा कि वे राहत कार्यों में पूरी सक्रियता और संवेदनशीलता से भाग लें। वे स्वयं 24 घंटे सभी जरूरी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क में हैं। सिंधिया ने निर्देश दिए कि राहत कार्यों की नियमित निगरानी हो। सभी प्रशासनिक अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर पारदर्शिता से कार्य करें। अंत में उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, प्रत्येक पीड़ित मेरे लिए परिवार का सदस्य है। इस संकट की घड़ी में मैं केवल एक सांसद नहीं, आपका अपना बनकर हर क्षण आपके साथ खड़ा हूं।