खरगोन। पुलिस लाईन में पदस्थ रक्षित निरीक्षक शौरभ कुशवाह पर अपने बंगले पर तैनात आरक्षक के साथ मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना 8 अगस्त की है, लेकिन बुधवार को मामले ने उस वक्त तूल पकड़ा जब आदिवासी संगठन जयस ने इस घटना के विरोध में मोर्चा खोल दिया। जयस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ सुबह करीब 11 बजे खंडवा रोड़ स्थित अजाक थाने पहुंचे आरक्षक राहुल चौहान ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी आला अधिकारियों से मदद नही मिली, जिसके चलते उसने समाजजनों के बीच अपने साथ हुई घटना साझा की। पीड़ित आरक्षक सहित समाजजनों ने अजाक थाने पर रक्षित निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया, लेकिन थाने पर तैनात एसआई राजेश शाह ने उसने लिखित आवेदन की मांग कर जांच के बाद एफआईआर की बात कही, जिस पर जयस कार्यकर्ता बिफर पड़े और थाने के सामने खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर जाकर धरना दे दिया। नारेबाजी कर सड़क पर बैठे कार्यकर्ताओं के चक्काजाम प्रदर्शन से देखते ही देखते मार्ग के दोनो और सैंकड़ों वाहनों की कतारें लग गई। यह प्रदर्शन दोपहर 1 बजे से शाम 4.30 बजे तक जारी रहा। प्रदर्शन कर रहे पीड़ित आरक्षक सहित उनकी पत्नि जयश्री चौहान एवं जयस पदाधिकारी मौके पर एसपी को बुलाने की मांग को लेकर अड़े रहे।