नीमच। आज रोटरी सामुदायिक भवन में मध्य प्रदेश राज्य विद्युत कर्मचारी साख संस्था की वार्षिक साधारण सभा एवं विश्वकर्मा जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ की रीति-नीति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा राष्ट्रीय हित, औद्योगिक हित और श्रमिक हित जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर संस्था द्वारा उपस्थित जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें विशेष रूप से आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं को उठाया गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि आउटसोर्स कर्मचारियों को अल्प वेतन मिलता है और उन्हें समय पर वेतन भी नहीं मिल पाता। संस्था ने इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल समाधान की मांग की।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि वर्तमान में विद्युत कंपनियों ने 50,000 पदों की स्वीकृति दी है। संस्था की प्रमुख मांग है कि इन नई नियुक्तियों में पहले से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए।
आयोजन में जिले के विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, दिलीप सिंह परिहार, माधव मारू के साथ सुल्तान सिंह शेखावत, जयपाल सिंह ठाकुर सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान भी किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने श्रमिक हितों के संरक्षण और आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया