खनियांधाना। गूडर रोड पर मंगलवार शाम खाना बनाते समय एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद भीषण धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। इस हादसे में पूर्व पार्षद इंदर कुशवाह का घर और पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि समय रहते परिवार के लोग बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
पीड़ित पूर्व पार्षद इंदर सिंह कुशवाह ने बताया मेरी पत्नी आरती कुशवाह शाम को खाना बना रही थीं। जैसे ही उन्होंने माचिस की तीली जलाई, सीधा रेगुलेटर में आग लग गई और देखते ही देखते भीषण आग भड़क उठी। पत्नी जान बचाकर बाहर भागीं। जब मैंने आग बुझाने का प्रयास किया, तो मैं भी थोड़ा झुलस गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और 60-70 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। इसके बाद तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। यह इंडेन गैस का सिलेंडर था, जिसे हमने मां वैष्णो देवी गैस एजेंसी से महज दो दिन पहले ही रिफिल करवाया था। हादसे में घर का सारा सामान जल गया है और लगभग 50 से 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के दौरान धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाया और स्थिति का जायजा लिया।