कुकड़ेश्वर। परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी जय मातादी मित्र मंडल एवं नगरवासियों के सहयोग से 751 फीट लंबी भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। चुनरी यात्रा का शुभारंभ मां आदिशक्ति भवानी माता मंदिर से विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के बाद दोपहर 3 बजे हुआ।
यात्रा नगर के तंबोली चौक, नीम चौक, सदर बाजार होते हुए बस स्टैंड पहुंची। मार्ग में जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा कर चुनरी यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डीजे के साथ निकली मां भादवा माता की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
चुनरी यात्रा में नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। नगरभर में भव्य स्वागत के बाद चुनरी को मां भादवा माता मंदिर के लिए प्रस्थान कराया गया।