नीमच। नीमच निवासी आशा देवी पत्नी अमर सिंह राजपूत और धनराज उर्फ लाला चौधरी के विवाद का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। आशा देवी के दर्दनाक वीडियो वायरल होने के बाद करणी सेना इस प्रकरण में सक्रिय हो गई है। शनिवार को करणी सेना परिवार का प्रतिनिधि मंडल बंगला नंबर 19 पर स्थित आशा देवी के निवास स्थान पर पहुँचा और उनसे मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल में जिला अध्यक्ष गिरिराज सिंह रूपपुरा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
आशा देवी ने करणी सेना के पदाधिकारियों को बताया कि धनराज उर्फ लाला चौधरी द्वारा मकान के विवाद को लेकर उन्हें लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियाँ दी जा रही हैं। साथ ही अशोभनीय हरकतों से परेशान किया जा रहा है। उनकी शिकायतों की कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही। न्याय न मिलने की स्थिति में उन्होंने वीडियो जारी कर करणी सेना से मदद की गुहार लगाई थी। करणी सेना परिवार के जिला अध्यक्ष गिरिराज सिंह रूपपुरा ने कहा कि संगठन ने आशा देवी से मुलाकात कर मामले की गंभीरता को समझा है। करणी सेना परिवार हरसंभव आशा देवी को न्याय दिलाने के लिए उनके साथ खड़ा है।