चित्तौड़गढ़। निंबाहेड़ा सेवा केंद्र पर नवरात्रि के पावन अवसर पर तीन दिवसीय योग तपस्या भट्टी का आयोजन किया गया। इस भट्टी को “सिद्धि स्वरूप तपस्या” एवं “ज्वाला स्वरूप तपस्या” नाम दिया गया।
तीनों दिन सभी भाई-बहनों ने अलग-अलग विधि से योग साधना करते हुए अपने नकारात्मक संस्कारों को भस्म करने तथा “एक परमात्मा मेरा, दूसरा ना कोई” की भावना से गहन तपस्या कर अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त किया।
इसी क्रम में नवरात्रि पर्व के साथ-साथ निंबाहेड़ा राष्ट्रीय दशहरे मेले में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय निंबाहेड़ा द्वारा आध्यात्मिक चरित्र निर्माण प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल होकर न केवल ईश्वरीय ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं बल्कि आत्मिक शांति और शक्तियों का अनुभव भी कर रहे हैं।
सेवाकेंद्र प्रभारी बीके शिवली दीदी ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है और आत्मिक शक्ति के साथ समाज में श्रेष्ठ संस्कारों का वातावरण निर्मित होता है।