मनासा। गुरुवार को मनासा थाना क्षेत्र के रामनगर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब दुकान पर काम कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक संदीप पाटीदार (23 वर्ष) पिता किशोर पाटीदार निवासी बरथुन का रहने वाला था। संदीप ने मनासा में अपनी दुकान लगा रखी थी, जहां वह फोर-व्हीलर गाड़ियों का काम करता था। गुरुवार को वह दुकान पर ही काम कर रहा था, तभी अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ दुकान पर जमा हो गई। वहीं, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को शासकीय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस अचानक हुई मौत से न केवल परिजनों पर दुख का पहाड़ टूटा है बल्कि क्षेत्र के लोग भी गहरे सदमे में हैं। संदीप की कम उम्र में हुई असमय मृत्यु से बरथुन गांव व मनासा में शोक की लहर है।
